
Border line news 24/10/25
, रायसर मार्ग स्थित आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक नोखा में विद्या भारती पूर्व छात्र दीपावली स्नेह मिलन कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के अनेक पूर्व छात्र, शिक्षकगण उपस्थित रहे।
पूर्व छात्रों ने विद्यालय में अपने छात्र जीवन से जुड़े प्रेरक अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि विद्यालय ने उनमें संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभावना का बीजारोपण किया, जिसका आज उनके व्यक्तिगत और सामाजिक जीवन पर गहरा प्रभाव है।
प्रधानाचार्य आशीष डागा ने बताया कि विद्यालय के पूर्व छात्र समाज में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी उल्लेखनीय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे विद्यालय के साथ निरंतर जुड़े रहें और समाजोपयोगी कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाएँ। उन्होंने कहा, “पूर्व छात्र किसी भी संस्था की सच्ची पहचान होते हैं। उनका सहयोग और मार्गदर्शन संस्था को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाता है।”
पूर्व छात्र परिषद नोखा के संयोजक सतीश झंवर ने विद्यालय की समस्त उपलब्धियों को बताते हुए कहा कि आज विद्या मंदिर आधुनिकतम संसाधनों से युक्त होकर समय की मांग के साथ और संस्कार युक्त वातावरण में संचालित हो रहे है जिनसे भारतीय ज्ञान परम्परा को संजोया जाता है और 9 प्रकार की विभिन्न प्रयोगशालाओं से भैया बहिन नवीन ज्ञान भी प्राप्त कर रहे है । झंवर ने कहा कि आदर्श विद्या मंदिर नोखा के भैया बहिन खेलकूद, विज्ञान, वैदिक गणित, अटल टेक्नोथन इत्यादि प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभागिता निभाते है और इन्हीं में तैयार राष्ट्रभक्त युवा भारत के निर्माण की आधारशिला हैं।
उन्होंने उपस्थित सभी पूर्व छात्रों से विद्यालय के संस्कारयुक्त संकल्पों को जीवन में अपनाने और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि विद्या भारती पूर्व छात्र पोर्टल विश्व का सबसे बड़ा पूर्व छात्र नेटवर्क है। उन्होंने अधिक से अधिक पूर्व छात्रों से इस पोर्टल पर पंजीकरण करने की अपील की ताकि सभी एक मंच पर जुड़कर राष्ट्र निर्माण के कार्य में सहयोग कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने दीपावली की शुभकामनाएँ साझा कीं और विद्यालय परिवार की प्रगति के लिए मंगलकामनाएँ दीं।
